सोनू वर्मा, नूंह। जिला उपायुक्त अखिल पिलानी ने आज गांव शाहपुर नंगली स्थित जिला स्तरीय राजीव गांधी खेल स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम में उपलब्ध खेल सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने खेल मैदान की स्थिति, साफ-सफाई, खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध संसाधनों और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें।
इस अवसर पर उपायुक्त अखिल पिलानी ने मैदान पर मौजूद युवाओं के साथ संवाद भी किया और उन्हें खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्वयं भी मैदान में उतरकर क्रिकेट खेला और खिलाड़ियों के साथ खेल का आनंद लिया। उपायुक्त ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेडियम की सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तथा नियमित रूप से रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, स्थानीय युवाओं को खेल गतिविधियों में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

