प्रवीण कुमार, हिसार। सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित हरियाणा राज्य चतुर्थ श्रेणी सरकारी कर्मचारी यूनियन की स्वास्थ्य विभाग शाखा ने कर्मचारियों की मांगों को लेकर मंगलवार को लगातार दूसरे दिन सीएमओ कार्यालय पर गेट मीटिंग कर दो घंटे रोष प्रदर्शन किया। गेट मीटिंग की अध्यक्षता शाखा प्रधान अजमेर ने की तथा संचालन जिला सचिव दीपक खत्री ने किया।

गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान अशोक सैनी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की मांगों के समाधान को लेकर सीएमओ गंभीर नहीं हैं। यही कारण है कि प्रदर्शन के दौरान वो कार्यालय से नदारद हैं। उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को तेज किया जाएगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी सीएमओ की होगी।
शाखा प्रधान अजमेर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 4-5 महीने से वेतन नहीं मिला है और ड्यूटी रोस्टर में भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों से अपने निजी घर के काम करवाए जाते हैं जिसको लेकर कर्मचारियों में भारी रोष है।
उन्होंने कहा कि संगठन मांग करता है कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के वेतन का तुरंत भुगतान किया जाए, दोहरी ड्यूटी नहीं ली जाए, ड्यूटी रोस्टर में भेदभाव नहीं किया जाए और कर्मचारियों से निजी घरेलू कार्य नहीं करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि जब तक मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
हरियाणा राज्य चतुर्थ श्रेणी सरकारी कर्मचारी यूनियन के राज्य उपप्रधान रामफल शिकारपुर जिला प्रधान छबील दास मोलिया व उपप्रधान ममता देवी ने कहा कि सीएमओ को कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उनका तुरंत समाधान करना चाहिए। आंदोलन की अनदेखी कर सीएमओ कर्मचारियों के रोष को बढ़ा रही हैं।
उन्होंने बताया कि 17 मई को कर्मचारी भवन, रोहतक में कच्चे कर्मचारियों की कन्वेंशन की जाएगी, जिसमें सभी विभागों से बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल होंगे। कन्वेंशन में आगामी आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
गेट मीटिंग को नर्सिंग एसोसिएशन से मेहंद्री देवी, उषा, माया, फार्मेसी चीफ विनोद दलाल, दिनेश, पवन कुमार, पंकज, विक्रम सिंह, सचिन, नीरज व सोमवीर आदि ने भी संबोधित किया।

