लक्ष्य, करनाल। शहर में आज आस्था और उत्साह का अनोखा नजारा देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ के लिए श्रद्धालुओं की विशेष ट्रेन रवाना की गई।

इस दौरान हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को शुभारंभ किया और खुद भी कुछ दूरी तक श्रद्धालुओं के साथ सफर कर उनका उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी, क्योंकि उन्हें निशुल्क तीर्थ यात्रा का अवसर मिला है। हरविंदर कल्याण ने इस पहल को बुजुर्गों के सम्मान से जोड़ते हुए कहा कि यह योजना सिर्फ यात्रा नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का माध्यम बन रही है, जहां लोग अपने साथ पूरे प्रदेश की खुशहाली की कामना लेकर जा रहे हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश में विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को भी मजबूत किया जा रहा है।

वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों को सराहते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं समाज में सकारात्मक माहौल बनाने का काम कर रही हैं।

अब इस पहल के बाद चर्चा तेज हो गई है कि क्या इस तरह की धार्मिक और सामाजिक योजनाएं आगे चलकर लोगों की सोच और सियासी माहौल दोनों को प्रभावित करेंगी, क्योंकि इस यात्रा ने लोगों के बीच नई ऊर्जा जरूर भर दी है।