संजीव, सोनीपत। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने सोनीपत निकाय चुनाव के प्रचार के दौरान भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। मेयर प्रत्याशी कमल दिवान और विभिन्न वार्ड उम्मीदवारों के पक्ष में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता नगर निगमों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए कांग्रेस को जिताने का मन बना चुकी है।

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने सोनीपत के वार्ड नंबर 8, 17, 19 और 22 में सघन जनसंपर्क करते हुए कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

हुड्डा ने आरोप लगाया कि भाजपा पूरे हरियाणा में भ्रष्टाचार का पर्यायवाची बन गई है और सरकार निगमों में हो रहे घोटालों को संरक्षण दे रही है।

उन्होंने फरीदाबाद में 200 करोड़ के सड़क घोटाले, पंचकुला में 160 करोड़ के बैंक घोटाले और रोहतक में 300 करोड़ के अमृत घोटाले का हवाला देते हुए भाजपा पर निशाना साधा।
सांसद ने कहा कि भाजपा अपने चुनावी वादों को भूल गई है, जिसमें बुजुर्गों को 6000 रुपये पेंशन, महिलाओं को 2100 रुपये की सहायता और किसानों को धान पर 3100 रुपये एमएसपी शामिल थे।

बीजेपी सरकार पर जनादेश प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए हुड्डा ने कहा कि चुनाव आयोग के माध्यम से चुनावी मैनेजमेंट का खेल खेलकर सत्ता हासिल की गई है।
उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में आज ‘फिरौती राज’ चल रहा है और महंगाई के कारण जनता त्रस्त है।
हुड्डा ने मतदाताओं से आह्वान किया कि जनता का पैसा जनता के काम आए, इसके लिए निगम की सत्ता में बदलाव जरूरी है।

