हांसी में महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया की सुनवाई के बाद पति-पत्नी के दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ, जिसमें पुलिस पर भी हमले का आरोप है।

नवीन शर्मा, हांसी। जिले में स्थित PWD रेस्ट हाउस में महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया की सुनवाई के दौरान और उसके बाद भारी हंगामा देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, महिला आयोग की सुनवाई खत्म होने के बाद बाहर निकले दो पक्षों के बीच अचानक कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले। यह मामला एक पति-पत्नी के आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के समय मौके पर मौजूद पुलिस बल ने जब स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, तो गुस्साए लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई कर दी।

सरेआम मारपीट

सोशल मीडिया पर वायरल हुए घटना के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कानून का भय भुलाकर दोनों पक्ष सार्वजनिक स्थान पर ही एक-दूसरे पर टूट पड़े। विवाद के दौरान सरेआम गाली-गलौज की गई और एक महिला के बाल खींचकर उसके साथ मारपीट भी की गई। रेस्ट हाउस के भीतर और बाहर हुए इस बवाल ने वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। पुलिस पर भी हाथ उठाने के आरोपों के बाद विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। सिटी थाना प्रभारी सुखजीत सिंह ने बताया कि सार्वजनिक शांति भंग करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस की कार्रवाई, चार की गिरफ्तारी

हांसी सिटी थाना पुलिस ने इस उपद्रव के मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज कर ली है। SHO सुखजीत सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक कुल 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो की गिरफ्तारी कल और दो की आज की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य शामिल लोगों की पहचान कर रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि घटना के पीछे के मुख्य कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सके।

SHO सुखजीत सिंह का बयान

हांसी सिटी SHO सुखजीत सिंह ने पुष्टि की है कि स्थिति को काबू करने के दौरान पुलिस के साथ अभद्रता और हाथापाई की गई थी। पुलिस ने सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और मारपीट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि महिला आयोग जैसी संस्था की सुनवाई के दौरान इस तरह की हिंसक घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।