फतेहाबाद: जिले में इंसानी खोपड़ी मिलने के मामले ने मंगलवार को उस समय और सनसनीखेज मोड़ ले लिया, जब गुरुनानकपुरा पुलिस चौकी के पास खेतों में युवक के शव का बाकी हिस्सा भी कंकाल के रूप में बरामद हुआ। पुलिस ने खोपड़ी, कंकाल के पास मिले कपड़ों और जूतों के आधार पर मृतक की पहचान गांव अहरवां निवासी 21 वर्षीय विरसा सिंह के रूप में की है। घटना के बाद इलाके में दहशत और परिवार में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार एक मई को पुलिस को इलाके से इंसानी खोपड़ी मिली थी, जिसकी पहचान नहीं हो पाई थी। इसी बीच गांव अहरवां निवासी गुरसेवक ने सोशल मीडिया पर पुलिस द्वारा बरामद खोपड़ी से जुड़ी पोस्ट देखी। इसके बाद वह मंगलवार को पुलिस चौकी पहुंचा और खोपड़ी को देखकर अपने लापता भाई विरसा सिंह के रूप में पहचान की। गुरसेवक ने बताया कि उसके भाई के दांतों और कानों में पहनी बालियों के आधार पर पहचान संभव हो सकी।
परिजनों के मुताबिक विरसा सिंह 18 अप्रैल को घर से दुकान पर सामान लेने के लिए निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिवार ने 19 अप्रैल को सदर थाना में उसकी गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज करवाई थी। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग पाया था।
गुरसेवक ने बताया कि भाई की खोपड़ी की पहचान होने के बाद उन्होंने खुद ही आसपास के खेतों में बाकी शरीर की तलाश शुरू की। इस दौरान गुरुनानकपुरा के पास खेतों में अलग-अलग स्थानों पर मानव कंकाल के अन्य हिस्से मिले। वहीं पास में पैंट और जूते भी पड़े मिले, जिन्हें विरसा सिंह ने घर से जाते समय पहना हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव के अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। फिलहाल सदर थाना पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
वहीं मृतक के भाई गुरसेवक ने गांव के ही एक युवक पर नशे के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस परिवार के बयान दर्ज कर आरोपों की जांच में जुट गई है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि जहां से खोपड़ी और कंकाल मिला, वह पुलिस चौकी से कितनी दूरी पर स्थित है और शव वहां कब से पड़ा हुआ था।
घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी वारदात के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है और लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

