प्रजापति, कालांवाली। हरियाणा सरकार ने जनवितरण प्रणाली को हाई-टेक और पारदर्शी बनाने के लिए प्रदेशभर में नई 5-जी नेटवर्क आधारित पोस (POS) मशीनें लागू कर दी हैं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के इस फैसले से अब पुरानी 2-जी मशीनों से राशन वितरण पूरी तरह बंद हो गया है।

आल राशन डिपो होल्डर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश मीडिया प्रभारी गुरतेज सिंह सोढ़ी ने बताया कि नई मशीनों के आने से सर्वर डाउन रहने और वितरण में होने वाली देरी जैसी समस्याओं से डिपो होल्डरों और उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।

पिछले नौ वर्षों से उपयोग हो रही 2-जी मशीनें तकनीकी रूप से पुरानी हो चुकी थीं, जिससे डिपो पर अक्सर भीड़ और अव्यवस्था का माहौल रहता था। नई 5-जी तकनीक से अब अंगूठे के निशान (बायोमेट्रिक) और डेटा प्रोसेसिंग की गति कई गुना बढ़ जाएगी।

सोढ़ी ने राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे नई मशीनों के डिपो तक पहुंचने की प्रक्रिया के दौरान धैर्य बनाए रखें और मुनादी या आधिकारिक सूचना के बाद ही राशन लेने पहुंचें। यह बदलाव डिजिटल इंडिया की दिशा में विभाग का एक बड़ा कदम माना जा रहा है।