लक्ष्य वर्मा, करनाल। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा नशे के विरुद्ध एक दिवसीय विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार (IPS) के दिशानिर्देशों और पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा (IPS) के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाना और एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।

संस्थान के प्राचार्य डॉ. कृष्ण कुमार और राकेश भाटिया के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं और अनुदेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा किसी भी समाज और भावी पीढ़ी के लिए सबसे बड़ा अभिशाप है। उन्होंने भावनात्मक उदाहरण देते हुए कहा कि नशा मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु है; यदि यह अच्छा होता तो कोई भी माँ अपने बच्चे को सबसे पहले नशा ही देती। डॉ. वर्मा ने युवाओं से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान नशा तस्करी और बिक्री पर लगाम लगाने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर भी साझा किए गए। डॉ. वर्मा ने बताया कि यदि किसी के पास नशा तस्करी से संबंधित कोई सूचना है, तो वे बेझिझक नेशनल हेल्पलाइन नंबर 1933, ऑनलाइन पोर्टल NCBMANAS.GOV.IN या हरियाणा एनसीबी की विशेष हेल्पलाइन 90508-91508 पर सूचना दे सकते हैं। विभाग द्वारा सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने जीवन भर नशे से दूर रहने और दूसरों को जागरूक करने की शपथ ली।