धनेश, रेवाड़ी। ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन (एआईएसबीआईएफ) के आह्वान पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सभी कर्मचारी (अवार्ड स्टाफ) अपनी 15 सूत्रीय मांगों को लेकर 25 और 26 मई को दो दिवसीय हड़ताल पर जाएंगे।

इस संबंध में शुक्रवार को रेवाड़ी बाईपास स्थित एक स्थान पर बैंक कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर डीजीआईएस रोहतक के मनोज कुमार और एजीआईएस रेवाड़ी के अविनाश के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन कर आवाज बुलंद की।

इस मौके पर बैंक अधिकारी मनोज कुमार और अविनाश ने कहा कि बैंक प्रबंधन और सरकार लंबे समय से कर्मचारियों की जायज मांगों को नजरअंदाज कर रही है। कई बार बातचीत के प्रयास किए गए, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। ऐसे में कर्मचारियों को मजबूरन हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में बैंक शाखाओं में सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति, सब-स्टाफ की भर्ती, अंतर-सर्किल स्थानांतरण प्रक्रिया को दोबारा शुरू करना, वेतन विसंगतियां दूर करना, पर्याप्त स्टाफ की भर्ती, कैरियर प्रमोशन स्कीम का पुनर्निर्धारण, मेडिकल स्कीम में सुधार, बैंक पेंशनरों की पेंशन में बढ़ोतरी, बैंकिंग कार्यों में आउटसोर्सिंग बंद करना और एचआरएमएस से जुड़ी समस्याओं का समाधान शामिल हैं। इसके अलावा अन्य लंबित समस्याओं के जल्द समाधान की भी मांग उठाई गई।

बैठक में बबरूभान, पवन, कर्ण, शिवचरण, प्रदीप, ज्ञान, संजय, सुनील, सुमन, शर्मिला, शशि, संध्या और वंदना सहित कई कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं रखीं और कर्मचारी नेताओं से सवाल पूछे।