लक्ष्य वर्मा, करनाल। नगर निगम करनाल शहर की 6 प्रमुख सड़कों को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित करने जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं, जो 2 जून को खोले जाएंगे। नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार नगर निगम द्वारा शहर की 50 किलोमीटर लंबी सड़कों को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए शहर की 35 मुख्य सड़कों का चयन किया गया है। फिलहाल 6 सड़कों की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इन सड़कों के लिए जारी हुए टेंडर

  • प्रेम प्लाजा से मॉल रोड (अहिल्याबाई मार्ग)
  • विक्रम मार्ग से रेलवे रोड
  • विश्राम गृह से तलवार चौक (सेशन मार्ग)
  • डीएवी स्कूल/कॉलेज रोड
  • मीनार रोड (सैनी भोजनालय से डीसी आवास)
  • पुराना बस स्टैंड रोड

इसके अलावा मॉडल टाउन स्थित प्रणामी मंदिर स्कूल (पूर्व ओएसडी कोठी) से लघु सचिवालय रेड लाइट चौक तक और नमस्ते चौक से मीरा साहब सद्भावना चौक तक सड़क निर्माण की डीपीआर भी तैयार की जा रही है, जिसे जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा।

स्मार्ट रोड परियोजना के तहत सड़कों पर आधुनिक फुटपाथ, बैठने की व्यवस्था, आकर्षक पोल और एलईडी लाइटें, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, ट्रैफिक मैनेजमेंट, साइकिल ट्रैक, सजावटी पौधे और आगरा रेड स्टोन के ट्री गार्ड लगाए जाएंगे। साथ ही नागरिक सुविधाओं को भी आधुनिक बनाया जाएगा।

नगर निगम के अनुसार इस परियोजना पर करीब 30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए 5 वर्ष की डिफेक्ट लायबिलिटी अवधि भी तय की गई है।

निगमायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था, सौंदर्यकरण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना है। स्मार्ट रोड बनने से लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और सड़क किनारे हरियाली के बीच सैर का आनंद भी मिलेगा।