राकेश कथूरिया,कैथल। किसान भवन कैथल में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिला युवा कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने इस अवसर पर 74 नवनियुक्त पदाधिकारियों को आधिकारिक नियुक्ति पत्र सौंपे।

कार्यक्रम में जिला उपप्रधान, जिला महासचिव, जिला सचिव, मुख्य प्रवक्ता, प्रवक्ता तथा सोशल मीडिया हैड जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की गईं। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भरे किसान भवन में जोशीला माहौल रहा और सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

विधायक आदित्य सुरजेवाला ने अपने संबोधन में कहा कि युवा कांग्रेस पार्टी की रीढ़ है। आज कैथल जिले में 74 युवा साथियों को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है, इसका मतलब है कि हम युवा ऊर्जा को संगठित रूप से पार्टी और समाज की सेवा में लगाने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज का युवा बेरोजगारी, महंगाई और भविष्य की अनिश्चितता से जूझ रहा है। कांग्रेस पार्टी युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। हम सड़क से लेकर संसद तक युवाओं और किसानों के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।

नवनियुक्त साथियों से अपील

मैं सभी नवनियुक्त साथियों से अपील करता हूं कि वे गांव-गांव, कॉलेज-कॉलेज और मोहल्लों तक पहुंचकर कांग्रेस की विचारधारा – न्याय, समानता और विकास — को फैलाएं। हमें मिलकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना है। आदित्य सुरजेवाला ने युवा कांग्रेस को जिला स्तर पर मजबूत बनाने के लिए सभी को सक्रिय रहने की हिदायत दी और कहा कि यह केवल पद नहीं, बल्कि युवाओं की आवाज बनने का अवसर है।

जन-संपर्क वाले संगठन के रूप में स्थापित करेंगे

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, विपक्ष के नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सुरजेवाला, राष्ट्रीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चीब, हरियाणा युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ढाँड, कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला, सुदीप सुरजेवाला तथा जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष कविश मिड्डा का हार्दिक धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सौंपी गई जिम्मेदारी को वे पूरे समर्पण से निभाएंगे और कैथल जिले में युवा कांग्रेस को एक मजबूत, सक्रिय और जन-संपर्क वाले संगठन के रूप में स्थापित करेंगे।