प्रजापति, सिरसा: जिले में नशा तस्करों और प्रतिबंधित दवाओं (मेडिकल नशा) की बिक्री करने वालों के खिलाफ सिरसा पुलिस का कड़ा प्रहार जारी है। पुलिस अधीक्षक (SP) दीपक सहारन के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जिला एंटी नारकोटिक्स सेल और ड्रग कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीम ने गांव भूर्टवाला में छापेमारी कर एक युवती को भारी मात्रा में नशीले कैप्सूलों के साथ गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव भूर्टवाला में दो सगे भाई-बहन अपने घर से अवैध रूप से नशीली दवाइयां बेचने का काला कारोबार कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एंटी नारकोटिक्स सेल और ड्रग कंट्रोल विभाग के अधिकारी केशव वशिष्ठ की एक संयुक्त टीम गठित की गई।
छापेमारी और बरामदगी
टीम ने जब संदिग्ध घर पर दबिश दी, तो आरोपी युवक मौके का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। हालांकि, पुलिस ने पूजा रानी पुत्री मोहनलाल को मौके पर ही काबू कर लिया। ड्रग कंट्रोलर और महिला पुलिस कर्मचारी की मौजूदगी में जब घर की तलाशी ली गई, तो वहां से 6600 सिग्नेचर कैप्सूल और 300 टपेंडाडॉल कैप्सूल (कुल 6900 कैप्सूल) बरामद हुए।
फरार आरोपी की तलाश जारी
बरामद नशीली दवाओं को आगामी कार्रवाई के लिए ड्रग कंट्रोल विभाग को सौंप दिया गया है। एसपी ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि नशे के इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुँचा जा सके।
पुलिस की सख्त चेतावनी
एसपी दीपक सहारन ने मेडिकल स्टोर संचालकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि वे बिना वैध चिकित्सकीय पर्ची के किसी भी प्रकार की नशीली दवाइयों की बिक्री न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आमजन से अपील
पुलिस ने नागरिकों से आह्वान किया है कि यदि उनके आसपास कोई भी व्यक्ति नशा बेचता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा

