संजीव,सोनीपत. भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था एवं राष्ट्र स्वाभिमान के प्रतीक ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 11 मई को आयोजित होने वाला यह भव्य कार्यक्रम शंभू दयाल शिक्षा सदन स्थित शिव मंदिर परिसर में संपन्न होगा। तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण करने के लिए एसडीएम सुभाष चंद्र एवं डीआईपीआरओ राकेश गौतम ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का दौरा किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री का संबोधन और मुख्य अतिथि

एसडीएम सुभाष चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि इस गरिमामयी कार्यक्रम में प्रदेश के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन होगा, जो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे।

इस अवसर पर राई से विधायक कृष्णा गहलावत, सोनीपत से विधायक निखिल मदान, गन्नौर से विधायक देवेन्द्र कादियान तथा खरखौदा से विधायक पवन खरखौदा भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

कलश यात्रा और सांस्कृतिक गतिविधियां

कार्यक्रम की शुरुआत शहर की सैकड़ों महिलाओं द्वारा निकाली जाने वाली भव्य कलश यात्रा से होगी। पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित महिलाएं श्रद्धा और भक्ति के साथ इस यात्रा का हिस्सा बनेंगी। भजनों और जयघोष के साथ निकलने वाली यह यात्रा पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाएगी।

बच्चों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता


भावी पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने के लिए कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूली बच्चों के लिए एक ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और शिव भक्ति जैसे विषयों पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता को बढ़ावा देना और उन्हें गौरवशाली भारतीय इतिहास से परिचित कराना है।

एसडीएम ने बताया कि कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं और गणमान्य अतिथियों के लिए बैठने की उत्तम व्यवस्था, पेयजल और सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं ताकि उत्सव का आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।