सोनू वर्मा, नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में शनिवार को दिल्ली-अलवर रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। थाना रोजका मेव क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने खुले बॉडी वाले ऑटो को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ऑटो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।


जानकारी के अनुसार आगरा जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले करीब 14 लोग एक शादी समारोह से दिल्ली के पालम विहार लौट रहे थे। सभी लोग खुले बॉडी वाले ऑटो में सवार थे। बताया जा रहा है कि ये परिवार दिल्ली के पालम विहार इलाके में अगरबत्ती और धूपबत्ती बेचने का काम करता है। जैसे ही उनका ऑटो रोजका मेव थाना क्षेत्र में दिल्ली-अलवर रोड पर पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भयावह थी कि ऑटो सड़क पर कई फीट तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर चीख-पुकार गूंज उठी। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।


तीन साल के मासूम की मौत

हादसे में चांदनी (28 वर्ष) निवासी थाना पिनहाट जिला आगरा, राम क्रांति (19 वर्ष) निवासी सूरजमल पूरा थाना शमशाबाद जिला आगरा और तीन वर्षीय मासूम मृदुल पुत्र राम निवास निवासी जोरबाजरिया थाना पिढौरा जिला आगरा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रीति, अर्चना, चार वर्षीय तमन्ना और राम निवास गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। चार वर्षीय तमन्ना को मेडिकल कॉलेज नलहड़ में भर्ती कराया गया, जबकि प्रीति, अर्चना और राम निवास की हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली एम्स रेफर किया गया है।


घटना की सूचना मिलते ही रोजका मेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और क्षतिग्रस्त ऑटो को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज


जांच अधिकारी दयाचंद ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। शादी की खुशियों से लौट रहा परिवार कुछ ही पलों में चीखों और आंसुओं में डूब गया।