गुरुग्राम | सोहना रोड पर एक मामूली सड़क टक्कर के बाद ऐसा तनाव पैदा हो गया कि 12वीं कक्षा की छात्रा को खुद को कार के अंदर लॉक करना पड़ा। टैक्सी ड्राइवरों की भीड़ ने कार को चारों तरफ से घेर लिया और हालात इस कदर बिगड़ गए कि छात्रा डर के मारे रोने लगी और मदद के लिए मां को कॉल किया।

जानकारी के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब छात्रा परीक्षा देकर घर लौट रही थी। सेक्टर-49 के पास उसकी प्राइवेट कार और एक कैब के बीच हल्की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कई टैक्सी ड्राइवर मौके पर इकट्ठा हो गए और कार चालक के साथ हाथापाई करने लगे। इसके बाद भीड़ ने कार को चारों ओर से घेर लिया।

आरोप है कि इसी दौरान टैक्सी ड्राइवर बार-बार कार का दरवाजा खोलकर छात्रा को बाहर निकालने की कोशिश करते रहे। विरोध और डर के बीच छात्रा ने सेंट्रल लॉक लगाकर खुद को कार में बंद कर लिया। इस दौरान वह रोती रही और अपनी मां को वीडियो कॉल पर पूरी स्थिति बताती रही।

परिजनों का कहना है कि छात्रा ने मदद के लिए पुलिस को कॉल किया, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिली। मां का आरोप है कि करीब 5:02 बजे पहली कॉल की गई, इसके बाद कई बार पुलिस को लोकेशन दी गई, लेकिन टीम मौके पर करीब 37 मिनट बाद पहुंची। इस दौरान छात्रा कार के अंदर ही फंसी रही और बाहर का माहौल लगातार तनावपूर्ण बना रहा।

आरोपियों ने की बदसलूकी

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह खुद अपने एक जानकार के साथ मौके पर पहुंचीं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी बदसलूकी की। बाद में स्थिति को शांत करने के लिए कथित तौर पर 2 हजार रुपये देकर मामला निपटाया गया।

घटना का वीडियो आया सामने

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्रा कार के अंदर बंद दिखाई दे रही है और अंदर से ही वह पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग कर रही है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की देरी को लेकर सवाल उठ रहे हैं और लोग नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

वहीं पुलिस की ओर से कहा गया है कि मामला संज्ञान में ले लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार यह भी जांच की जा रही है कि मौके पर पहुंचने में देरी क्यों हुई और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।