सुमन चौहान,करनाल। देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कमांडो कॉम्प्लेक्स नेवल में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह आयोजन आईपीएस सुरिंदर सिंह भोरिया, एसपी कमांडो के मार्गदर्शन और हरियाणा के डीजीपी के निर्देशों के तहत आयोजित किया गया।

150 प्रतिभागियों और 50 बुलेट बाइक ने बढ़ाया उत्साह

तिरंगा यात्रा में करीब 150 लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इनमें पुलिसकर्मी, स्थानीय नागरिक और स्कूली छात्र शामिल रहे। यात्रा में 50 बुलेट मोटरसाइकिलें भी शामिल हुईं। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर कमांडो कॉम्प्लेक्स से आईटीआई चौक तक मार्च किया और देशभक्ति के नारे लगाए।

तिरंगे के सम्मान और संवैधानिक मूल्यों का दिया संदेश

इस अवसर पर डीएसपी कमांडो एचपीएस विपिन कादियान ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने सभी से भारत के संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करने तथा शांति, सद्भाव और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ यात्रा संपन्न

तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए संपन्न हुई। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m