पानीपत। एक बेरोजगार युवक को जर्मनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर रूस और बेलारूस में फंसाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इसराना थाना पुलिस ने दिल्ली निवासी शारदा को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला के खिलाफ पहले से लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया था, क्योंकि वह विदेश में थी। बहरीन से भारत लौटने पर जैसे ही वह एयरपोर्ट पर उतरी, सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस ने उसे दबोच लिया। अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया है।
बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे 3.19 लाख रुपये
इसराना पुलिस के जांच अधिकारी जगपाल सिंह ने बताया कि दो साल पहले दर्ज इस धोखाधड़ी के मामले में पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच के दौरान यह बात सामने आई थी कि ठगी की गई रकम में से 3.19 लाख रुपये शारदा के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। आरोपी के विदेश होने के कारण पुलिस ने एलओसी जारी कराया था। अब पुलिस रिमांड के दौरान उससे यह पूछताछ कर रही है कि उसके खाते में यह रकम किस उद्देश्य से आई थी और इस पूरे ठगी रैकेट में उसकी क्या भूमिका है।
क्या था पूरा मामला? नौल्था के युवक को बनाया था शिकार
नौल्था गांव निवासी सत्यवान ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनका बेटा सचिन 12वीं पास करने के बाद आईटीआई (फीटर) कर चुका था, लेकिन बेरोजगार था। पड़ोसी कमल के जरिए उसकी मुलाकात जींद के मरदाना खेड़ा निवासी सतनाम उर्फ मालवा से हुई। सतनाम ने सचिन को जर्मनी भेजकर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और 12 लाख रुपये की मांग की। शुरुआत में तय हुआ था कि जर्मनी पहुंचने पर पैसे दिए जाएंगे, लेकिन आरोपियों ने उसे जर्मनी भेजने के बजाय रूस भेज दिया और रास्ते के खर्च के नाम पर 3.50 लाख रुपये और ऐंठ लिए।
बेलारूस में फंसा रहा युवक, परिवार को खर्च करने पड़े लाखों
शिकायत के मुताबिक, करनाल के मूनक निवासी श्याम लाल ने भी सचिन को जर्मनी पहुंचाने का झांसा देकर 8 लाख रुपये मांगे। 6 अक्टूबर 2023 को सचिन को मॉस्को से बेलारूस ले जाया गया। 7 अक्टूबर को आरटीजीएस के जरिए 5.30 लाख रुपये और अन्य माध्यमों से पैसे ट्रांसफर करवाए गए। सचिन को जर्मनी भेजने के बजाय बेलारूस में छोड़ दिया गया, जहाँ वह कई महीने तक फंसा रहा। अंततः परिवार को सुरक्षित भारत लाने के लिए चार लाख रुपये और खर्च करने पड़े। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

