सुशीला देवी, गुरुग्राम। मसाले, जीरा और ड्राई फ्रूट्स के नाम पर देश की कई बड़ी कंपनियों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाले एक हाईप्रोफाइल शातिर को गुरुग्राम पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी ने बेहद सुनियोजित तरीके से 20 से ज्यादा नामी कंपनियों से भारी मात्रा में माल मंगवाया और पेमेंट के बदले फर्जी चेक थमाकर फरार हो गया था। आर्थिक अपराध शाखा (EOW-II) की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ठगी की यह रकम करीब 3.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।

चेक बाउंस हुए और बंद हो गया दफ्तर
पुलिस के मुताबिक, इस बड़े फर्जीवाड़े का खेल पिछले साल शुरू हुआ था। 7 अक्टूबर 2025 को कई पीड़ित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने पुलिस में एक साथ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि ‘पुष्पांजलि एंटरप्राइजेज’ के संचालक और उसके साथियों ने कंपनियों से जीरा, बादाम और अलग-अलग मसाले ऑर्डर किए। जब कंपनियों ने भुगतान मांगा, तो उन्हें भारी-भरकम राशि के चेक दे दिए गए। कंपनियां तब हैरान रह गईं जब बैंक में लगाते ही सारे चेक बाउंस हो गए। इसके बाद जब संपर्क करने की कोशिश की गई, तो आरोपी अपना दफ्तर बंद कर और मोबाइल फोन स्विच ऑफ करके गायब हो चुके थे।
माल ठिकाने लगाकर हुए रफूचक्कर
जांच में सामने आया कि आरोपियों की नीयत पहले दिन से ही ठगी करने की थी। उन्होंने कंपनियों से करोड़ों का माल तो उठाया, लेकिन उसे बाजार में औने-पौने दामों पर बेचकर तुरंत नकदी समेट ली। इसके बाद पूरी गैंग अंडरग्राउंड हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच गुरुग्राम पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को सौंपी गई थी।
24 साल का मास्टरमाइंड चढ़ा पुलिस के हत्थे
तकनीकी इनपुट और कड़ी मशक्कत के बाद EOW की टीम ने सेक्टर-5 के रहने वाले 24 वर्षीय सौरभ गोयल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि सौरभ ही इस फर्जी फर्म (पुषांजलि एंटरप्राइजेज) का प्रोपराइटर है और उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस पूरे साज़िश का ताना-बाना बुना था।
5 दिन के रिमांड पर आरोपी, कई और चेहरे बेनकाब होंगे
पुलिस ने आरोपी सौरभ गोयल को अदालत में पेश कर 5 दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से ठगी गई रकम की रिकवरी की जाएगी। साथ ही इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और ठगी का शिकार बनी कंपनियों का माल कहां-कहां बेचा गया है।

