दिल्ली के निहाल विहार इलाके में 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक बच्चे को दवाई लगाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते मामला झगड़े तक पहुंच गया। जानकारी के मुताबिक, विवाद के बाद पत्नी घर से बाहर चली गई। करीब 10 मिनट बाद वह वापस लौटी, लेकिन इस बार उसके साथ मायके के कुछ लोग भी थे। इसके कुछ देर बाद पड़ोसियों ने एक व्यक्ति को एक शख्स को कंधे पर उठाकर घर से बाहर ले जाते हुए देखा। जिस व्यक्ति को घर से बाहर ले जाया गया, उसकी पहचान 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय के रूप में हुई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दिल्ली के निहाल विहार में 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी रेखा, उसके दो भाइयों और एक भाभी को गिरफ्तार किया है। विनय के परिवार ने ससुराल पक्ष पर उसकी हत्या का आरोप लगाया है। विनय के परिवार के मुताबिक, वह IT सेक्टर में नौकरी करता था और उसका सालाना पैकेज करीब 60 लाख रुपये था। करीब साढ़े तीन साल पहले उसकी शादी बुध विहार निवासी रेखा से हुई थी। दोनों के जुड़वा बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है। परिवार का कहना है कि बाहर से उनकी जिंदगी सामान्य नजर आती थी। अच्छी नौकरी, शादी को कुछ साल और घर में दो बच्चों के बावजूद रिश्तों में सबकुछ ठीक नहीं था।

विनय के परिवार ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के रिश्ते सहज नहीं थे और छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होता था। परिवार के मुताबिक, रेखा की अपनी सास से भी कई बार कहासुनी होती थी। विनय के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि रेखा के भाइयों की ओर से उसे कथित तौर पर धमकियां दी जाती थीं।

विनय की मां के मुताबिक, घर में बच्चे को दवाई लगाने की बात को लेकर विनय और उसकी पत्नी रेखा के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि बात बढ़ने पर विनय ने ऊंची आवाज में बात की, जिससे रेखा नाराज हो गई और घर से बाहर चली गई। परिवार का दावा है कि करीब 10 मिनट बाद रेखा वापस लौटी, लेकिन इस बार उसके साथ मायके के कई लोग थे। बताया गया है कि उसके दो भाई, भाभी, पिता और एक अन्य व्यक्ति भी उसके साथ घर पहुंचे।

CCTV में नजर आए रेखा और मायके के लोग

इस मामले से जुड़ा एक CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें रेखा लाल सूट में और उसकी भाभी नीले सूट में नजर आ रही हैं। वहीं, कार के पास रेखा के दो भाई, पिता और एक अन्य व्यक्ति भी दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद घर के अंदर क्या हुआ, इसकी पूरी तस्वीर पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। हालांकि, विनय के परिवार ने आरोप लगाया है कि उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने घर के अंदर उसके साथ मारपीट की।

परिवार ने लगाए मारपीट के गंभीर आरोप

विनय के परिवार का दावा है कि उसने अपने ससुराल वालों के लिए पानी तक लाकर दिया था, लेकिन इसके बाद उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। परिवार ने आरोप लगाया कि विनय का गला दबाया गया और उसकी छाती पर हाथ-पैर से हमला किया गया। परिजनों के मुताबिक, घटना के समय विनय के माता-पिता भी घर में मौजूद थे। उन्होंने बेटे को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। इसके बाद विनय को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

बाहर आया तो पैरों पर खड़ा नहीं हो पा रहा था विनय, अस्पताल में मौत

विनय के परिवार के मुताबिक, विवाद के कुछ देर बाद एक पड़ोसी उसे कंधे पर उठाकर घर से बाहर लाता हुआ दिखाई दिया। परिवार का दावा है कि उस समय विनय अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो पा रहा था। पड़ोसी ने उसे कुर्सी पर बैठाया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों की कोशिश के बावजूद विनय की जान नहीं बच सकी। विनय के परिवार का आरोप है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से तनाव चल रहा था। परिजनों के मुताबिक, रेखा अक्सर विनय की मां से विवाद करती थी। छोटे-छोटे मामलों को लेकर भी रेखा के भाई की ओर से विनय को कथित तौर पर धमकी दी जाती थी।

परिवार ने यह भी दावा किया है कि विनय को घर की तीसरी मंजिल पर अलग जगह दी गई थी, जबकि रेखा अलग खाना बनाती थी। इसके अलावा परिजनों का आरोप है कि रेखा ने घर में लगे CCTV कैमरों को भी बंद कर दिया था। पुलिस ने मामले में विनय की पत्नी रेखा, उसके दो भाइयों और एक भाभी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अब जांच में CCTV फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले सबूत और आरोपियों के बयान अहम माने जा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m