रक्षाबंधन से पहले दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दिल्ली सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी लंबे समय से लंबित ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ को कैबिनेट से मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने ₹2,500 की आर्थिक सहायता सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
1 अगस्त से शुरू होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
दिल्ली सरकार के मुताबिक, योजना को पारदर्शी तरीके से लागू करने के लिए एक विशेष डिजिटल पोर्टल तैयार किया गया है। यह पोर्टल 1 अगस्त 2026 से आम जनता के लिए उपलब्ध होगा। इसके बाद पात्र महिलाएं ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी।
सरकार की योजना है कि आवेदन और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रक्षाबंधन तक लाभार्थियों के शुरुआती बैच को पहली किस्त जारी की जाए।
CM रेखा गुप्ता ने कहा- पूरा किया वादा
योजना को कैबिनेट की मंजूरी मिलने पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे दिल्ली की महिलाओं के लिए खुशी का बड़ा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने दिल्ली की बहनों से किया अपना वादा पूरा किया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ का उद्देश्य महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक मदद देकर उन्हें आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।
‘लक्ष्मी योजना’ के लिए पात्रता
- महिला की उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
- महिला या उसका परिवार कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली का निवासी होना चाहिए।
- परिवार की वार्षिक आय ₹2.5 लाख से कम होनी चाहिए।
- एक परिवार में एक से अधिक पात्र महिलाएं होने पर सबसे बुजुर्ग महिला को लाभ मिलेगा।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
आवेदक को आधार कार्ड, दिल्ली वोटर आईडी, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, महिला के नाम का सक्रिय DBT-लिंक्ड बैंक खाता, पासपोर्ट साइज फोटो और मोबाइल नंबर की जरूरत होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


