प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। शहर के कृष्णपुरा इलाके में ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। दो अज्ञात ठगों ने सरकारी नौकरी लगने पर मंदिर में जेवर दान करने के लिए पहले मंदिर के पंडित और उनकी पत्नी को अपने जाल में फंसाया और फिर दंपती की मदद से एक नामी ज्वेलरी शॉप से करीब 93 हजार रुपए के गहने ठग लिए।
ठग गहने अपनी मां को दिखाने के बहाने मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। दोनों थोड़ा की तस्वीर ज्वेलर्स की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
विजय ज्वेलर्स के संचालक विजय वर्मा ने बताया कि उनके पड़ोस के हनुमान मंदिर के पंडित बालकिशन शर्मा की पत्नी ओमवती उनकी दुकान पर आईं। उनके साथ दो अज्ञात व्यक्ति थे। ओमवती ने बताया कि इन व्यक्तियों को मंदिर में दान करना है।
दुकानदार ने उन्हें सोने का एक लोकेट (3.5 ग्राम) और दो जोड़ी चांदी की पायल (155 ग्राम) दिखाई। कुल 93 हजार रुपए का सौदा तय हुआ। ठगों ने दुकानदार से कहा कि वे एक बार ये गहने मंदिर में पंडित जी को दिखाकर अभी पैसे लाकर देते हैं। चूंकि दुकानदार पंडित की पत्नी को जानता था, इसलिए उसने विश्वास करके गहने दे दिए।
दोनों ठग उनको गच्चा देकर फरार हो गए। कुछ देर बाद जब ओमवती अकेली दुकान पर वापस आई और पैसे के बारे में पूछा, तब पूरी साजिश का खुलासा हुआ।

