रेणु अग्रवाल, धार। आपने चोरी की कई अजीबोगरीब वारदातें सुनी और देखी होंगी, लेकिन मध्यप्रदेश के धार जिले से एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है जिसे देखकर खुद पुलिस भी हैरान है। यहां चोरों ने चोरी जैसी वारदात को अंजाम देने से पहले ‘संस्कार’ और ‘प्रायश्चित’ का एक ऐसा नजारा पेश किया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
‘हे कैमरा देवता, माफ करना…’
मामला धामनोद के समीप गुलझरा स्थित वात्सल्य श्री हॉस्पिटल का है। यहाँ 7 जून 2026 की आधी रात को दो चोर अस्पताल परिसर में दाखिल हुए। अमूमन चोर सीसीटीवी कैमरों से अपना चेहरा छिपाने की कोशिश करते हैं, लेकिन यहाँ माजरा बिल्कुल उलटा था। बाइक से पेट्रोल चुराने से पहले एक चोर ने बाकायदा कैमरे की तरफ गर्दन उठाई और दोनों हाथ जोड़कर बकायदा प्रणाम किया। उसका अंदाज देखकर ऐसा लग रहा था मानो वह कह रहा हो— ‘हे कैमरा देवता! चोरी करना मजबूरी है, कृपया माफ करना।’
डॉक्टर ने रूटीन चेकिंग में देखा तो रह गए दंग
इस पूरी ‘संस्कारी चोरी’ का खुलासा तब हुआ जब अस्पताल के संचालक डॉक्टर कल्पेश पाटीदार ने रूटीन कैमरा चेकिंग के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाला।
फुटेज में क्या दिखा-
रात के अंधेरे में दो युवक दबे पांव अलग-अलग दिशा से अस्पताल परिसर में आते हैं।
एक युवक के हाथ में खाली बोतल साफ नजर आ रही है।
दोनों सीधे परिसर में खड़ी एक मोटरसाइकिल के पास पहुंचते हैं।
पेट्रोल निकालने से ठीक पहले, उनमें से एक चोर कैमरे के सामने हाथ जोड़कर प्रार्थना करता है।
प्रार्थना का यह ‘शॉट’ पूरा होते ही, चोर बड़े आराम से बाइक से पेट्रोल निकालकर बोतल में भरता है और दोनों रफूचक्कर हो जाते हैं।
गुस्सा भी आया और हंसी भी: डॉक्टर कल्पेश पाटीदार
जब मैंने पहली बार वीडियो देखा, तो गुस्सा आया कि अस्पताल परिसर के अंदर खड़ी बाइक से पेट्रोल चोरी हो गया। लेकिन जब अगली ही सेकंड चोर को सीसीटीवी के आगे हाथ जोड़कर माफी मांगते देखा, तो मेरी हंसी छूट गई। चोरी करने से पहले सीसीटीवी को प्रणाम करने का ऐसा अद्भुत नजारा मैंने पहली बार देखा है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग चोर के इस अनोखे ‘संस्कार’ पर तरह-तरह के चटकारे ले रहे हैं।

