रामकुमार यादव, सरगुजा। लखनपुर थाना क्षेत्र में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के काफिले से जुड़ा विवाद सामने आया है। जानकारी के मुताबिक काफिले की गाड़ी में बूम बैरियर गिरने के बाद मंत्री के स्टॉफ ने टोल कर्मचारी के साथ मारपीट की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। पूरा मामला लहपटरा टोल नाके का है।

बताया जा रहा है कि लहपटरा टोल नाके पर मंत्री के काफिले की एक गाड़ी पर बूम बैरियर गिर गया। इसके बाद टोल नाके पर विवाद की स्थिति बन गई। इस दौरान एक व्यक्ति द्वारा टोल कर्मचारी के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति टोल कर्मचारी के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद पीड़ित टोल कर्मी ग्रामीणों के साथ लखनपुर थाने पहुंचा और मामले को लेकर शिकायत की।

शिकायत के बाद जांच में जुटी पुलिस

इस मामले में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का नाम सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया है। हालांकि, वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर घटना की पूरी परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि विवाद किस बात को लेकर हुआ और मारपीट की वास्तविक वजह क्या थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी।

देखें वीडियो –

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m