चंडीगढ़. हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने राज्य के युवाओं और ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे के लिए बड़े फैसलों का ऐलान किया है। स्वास्थ्य विभाग में फिजियोथेरेपिस्ट के खाली पदों को भरने की प्रक्रिया अब तेज हो गई है और सरकार ने पहले से प्रस्तावित 54 पदों की संख्या को बढ़ाकर 69 कर दिया है।

हरियाणा लोक सेवा आयोग को भेजा संशोधित मांग
इसके लिए हरियाणा लोक सेवा आयोग को संशोधित मांग पत्र भेज दिया गया है जिससे लंबे समय से सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे विशेषज्ञों के लिए सफलता का रास्ता साफ हो गया है। मंत्री ने स्पष्ट किया है कि विभाग में किसी भी स्तर पर मैनपावर की कमी नहीं रहने दी जाएगी ताकि मरीजों को सुचारू इलाज मिल सके।
गांवों में बनेगा इलाज का हाईटेक ढांचा और करोड़ों की मंजूरी
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की कड़ी में जींद के गांव उझाना और करनाल के गांव सांभी में नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यानी सीएचसी खोलने को हरी झंडी दे दी गई है। सरकार ने उझाना सीएचसी के लिए 2195.46 लाख रुपये और सांभी सीएचसी के लिए 2322.37 लाख रुपये का भारी-भरकम बजट मंजूर किया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त इंतजार
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के जिन भी ग्रामीण इलाकों में नए स्वास्थ्य संस्थानों की जरूरत है वहां नियमों के तहत तत्काल काम शुरू किया जाए। सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीणों को किफायती और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उनके घर के नजदीक ही उपलब्ध हों जिससे उन्हें शहरों की ओर न भागना पड़े।

