० WhatsApp कॉल से शुरू हुई ठगी की पूरी साजिश
सोनीपत। ऑनलाइन ट्रेडिंग की क्लास और IPO में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने शहर के एक कारोबारी से 12 लाख रुपये ठग लिए। मामला सामने आने के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सेक्टर-14 निवासी आशीष कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्हें WhatsApp पर एक कॉल आई, जिसमें खुद को एक निजी कंपनी का कर्मचारी बताकर शेयर बाजार की मुफ्त ट्रेडिंग क्लास देने की बात कही गई। शुरुआत में रोजाना ऑनलाइन सेशन आयोजित कर उनका भरोसा जीता गया।
इसके बाद आरोपियों ने एक फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर खाता खुलवाया और IPO में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी होने का झांसा दिया। ठगों ने पैन कार्ड समेत अन्य दस्तावेज भी हासिल कर लिए।
ठगी के बाद साइबर हेल्पलाइन 1930 पर की शिकायत
आरोपियों की बातों में आकर कारोबारी ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 12 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलते ही जालसाजों ने संपर्क तोड़ लिया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी वेबसाइट और जाली दस्तावेजों के जरिए बैंक खाते खुलवाए थे। साइबर टीम अब बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच में जुटी हुई है।

