गोड्डा। झारखंड के गोड्डा जिले से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में 12 वर्षीय बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बच्ची का शव गांव के बहियार में मिला, जबकि उसका सिर गायब है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, देर रात बच्ची को घर से बाहर ले जाकर धारदार हथियार से वारदात को अंजाम दिया गया। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश है।
रात में घर से गायब हुई मासूम, सुबह मिला शव
मिली जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची की पहचान नीतू मरांडी (12), पिता तलवा मरांडी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीतू रात में अपने माता-पिता के साथ घर में सो रही थी। इसी दौरान देर रात उसे घर से बाहर ले जाया गया। आरोप है कि घर के पीछे धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद बच्ची का सिर मौके से गायब हो गया।

शव मिलने के बाद गांव में मचा हड़कंप
सुबह बहियार में बच्ची का शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना की भयावहता को देखते हुए पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने हत्यारे की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
हत्यारे की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही ललमटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल हत्या के कारणों और इसमें शामिल व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि मासूम नीतू की हत्या किसने और क्यों की तथा उसका सिर कहां है? पुलिस जांच के बाद ही पूरी घटना का खुलासा हो सकेगा।

