जालंधर। जालंधर के मशहूर पंजाबी गायक और पहलवान केएस माखन ने एक बार फिर सक्रिय राजनीति की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। शनिवार रात शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने माखन के पैतृक गांव शंकर (नकोदर) पहुंचकर उन्हें सिरोपा पहनाया और पार्टी में स्वागत किया।
2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटे अकाली दल ने एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा बड़ा दांव खेला है। इससे पहले मशहूर कबड्डी खिलाड़ी गोपी फरंदीपुरिया भी पार्टी में शामिल हुए थे। केएस माखन का स्वागत करते हुए सुखबीर बादल ने कहा कि उनके आने से पार्टी को न केवल जालंधर जिले में, बल्कि पूरे प्रदेश के युवाओं में मजबूती मिलेगी। बादल ने भरोसा दिलाया कि पार्टी में हर मेहनती कार्यकर्ता को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।

गौरतलब है कि 2022 के चुनाव में अकाली दल को खेमकरण और नकोदर जैसी महत्वपूर्ण सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था, जिसे देखते हुए अब स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली चेहरों को जोड़ा जा रहा है। केएस माखन की राजनीति में यह दूसरी सक्रिय पारी होगी। इससे पहले 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने आनंदपुर साहिब सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की टिकट पर चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में उन्हें 69,124 वोट मिले थे और वे चौथे स्थान पर रहे थे। हालांकि, 2016 में वे अकाली दल में शामिल जरूर हुए थे, लेकिन उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली थी। अब अपने गांव में उन्होंने विधिवत रूप से सक्रिय होने का ऐलान कर दिया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


