Gurugram Woman Death Case : गुरुग्राम : पति के मोबाइल में एक महिला सहकर्मी की फोटो देखने के बाद पत्नी ने पति से सवाल किया। इसके बाद रात में दोनों के बीच कहासुनी हुई और पत्नी दूसरे कमरे में चली गई। उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिवार में हड़कंप मच गया। दरवाजा खुलने पर महिला मृत मिली। गुरुग्राम के सेक्टर-71 स्थित एक लग्जरी सोसाइटी में Air India कर्मचारी की पत्नी की मौत का यह मामला सामने आया है।
मृतका की पहचान 44 वर्षीय कीर्तिमई मिश्रा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बुधवार रात करीब 9:30 बजे कीर्तिमई अपनी बेटी और पति युवराज शर्मा के साथ कमरे में थीं। इसी दौरान उन्होंने युवराज का मोबाइल देखा। फोन की गैलरी में Air India Academy के स्टाफ की तस्वीरों के बीच उन्हें पति की एक महिला सहकर्मी के साथ फोटो दिखाई दी।
फोटो देखने के बाद पति से हुआ विवाद
फोटो देखने के बाद कीर्तिमई ने पति से महिला सहकर्मी के साथ तस्वीर को लेकर सवाल किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने के बाद कीर्तिमई दूसरे कमरे में चली गईं और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
युवराज के मुताबिक, उन्हें लगा कि रात तक पत्नी का गुस्सा शांत हो जाएगा और सुबह सब सामान्य हो जाएगा। लेकिन अगले दिन काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। आवाज देने और दरवाजा खटखटाने पर भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर कीर्तिमई मृत मिलीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
15 साल पहले की थी लव मैरिज
कीर्तिमई मूल रूप से ओडिशा के भुवनेश्वर की रहने वाली थीं। वह गुरुग्राम की एक कंपनी में लर्निंग एंड टैलेंट डेवलपमेंट हेड के पद पर कार्यरत थीं। उनके पति युवराज शर्मा मुंबई के रहने वाले हैं और Air India में केबिन क्रू को ट्रेनिंग देने का काम करते हैं।
दोनों ने करीब 15 साल पहले लव मैरिज की थी। उनकी 9 साल की बेटी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद कमरे के भीतर क्या हुआ और महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
पुलिस की जांच में मोबाइल फोन, तस्वीर और घटना से पहले हुए विवाद समेत अन्य पहलुओं को भी शामिल किया जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


