संजीव, सोनीपत। बाढ़ जैसी आपदा से निपटने की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में 14 मई को जिले के खुबडू और ककरोई नहरी जंक्शन पर बाढ़ आपदा मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष नेहा सिंह ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह मॉक एक्सरसाइज राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) और हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देश पर आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य बाढ़ के समय राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों को परखना है।

मॉक एक्सरसाइज की तैयारियों को लेकर मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। इसमें जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में बाढ़ की स्थिति में अपनाई जाने वाली रणनीति, राहत कार्य, संवेदनशील इलाकों की निगरानी और लोगों को सुरक्षित निकालने की योजना पर चर्चा हुई।

वीडियो कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य कृष्णा एस वत्स और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा के समय विभागों के बीच बेहतर तालमेल और संसाधनों की उपलब्धता बेहद जरूरी है।

उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि इस मॉक एक्सरसाइज में सिंचाई विभाग नोडल एजेंसी रहेगा। सभी विभाग अपने उपकरणों के साथ मौके पर मौजूद रहेंगे। लघु सचिवालय को ऑपरेशन सेंटर बनाया जाएगा।

खुबडू में पंचायत भवन को स्टेजिंग एरिया और सीएचसी गन्नौर को हेल्थ कंट्रोल सेंटर बनाया गया है। वहीं ककरोई में पंचायत भवन स्टेजिंग एरिया और सिविल अस्पताल सोनीपत को हेल्थ कंट्रोल सेंटर बनाया जाएगा।

उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि यह सिर्फ प्रशासनिक अभ्यास है। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और घबराने की जरूरत नहीं है।