गुरुग्राम। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गुरुग्राम के एक ऐसे शातिर योगा टीचर को दबोचा है जिसने योग सिखाने के बहाने अपनी ही क्लाइंट का विश्वास जीता और फिर उसके निजी पलों के वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग का गंदा खेल खेला। आरोपी राकेश शर्मा कोविड के समय से महिला को निशाना बना रहा था और उसने न केवल शारीरिक संबंध बनाए बल्कि चुपके से आपत्तिजनक वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिए। पालम विहार की रहने वाली पीड़िता से वह अब तक लाखों रुपए वसूल चुका था और उसकी लालच इतनी बढ़ गई कि उसने ये वीडियो पीड़िता के पति को ही भेज दिए।

पति-पत्नी मिलकर चलाते थे उगाही का रैकेट

इस घिनौने अपराध में योगा टीचर की पत्नी नीतू शर्मा भी बराबर की भागीदार थी जो अपने पति के इशारे पर ब्लैकमेलिंग की रकम वसूलने जाती थी। गुरुग्राम पुलिस ने मार्च के महीने में नीतू को उस समय रंगेहाथ गिरफ्तार किया जब वह पीड़िता से 15 लाख रुपए की फिरौती लेने पहुंची थी। पत्नी की गिरफ्तारी के बाद राकेश फरार हो गया था लेकिन दिल्ली क्राइम ब्रांच ने उसे तिलक मार्ग इलाके से उस वक्त धर दबोचा जब वह कोर्ट में सरेंडर करने की फिराक में था।

मर्डर केस का अपराधी बना योगा इंस्ट्रक्टर

पुलिस की गहराई से की गई पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि राकेश शर्मा पहले भी गाजियाबाद के एक हत्या के मामले में नौ साल की जेल काट चुका है। साल 2018 में जेल से बाहर आने के बाद उसने खुद को योगा टीचर के रूप में स्थापित किया ताकि वह आसानी से महिलाओं का भरोसा जीत सके। आरोपी की कार्यप्रणाली बेहद शातिर थी क्योंकि वह पैसे वसूलने के बाद भी वीडियो डिलीट नहीं करता था और दोबारा पैसों की जरूरत पड़ने पर अपनी क्लाइंट्स को धमकी देना शुरू कर देता था। अब पुलिस उन अन्य महिलाओं की भी तलाश कर रही है जो शायद इस दरिंदे का शिकार बनी हों।