नवी शर्मा, हांसी। हरियाणा के ऐतिहासिक शहर हांसी में दिल्ली नेशनल हाईवे पर शहर की एंट्री के पास आज भव्य सूर्यवंशी क्षत्रिय अरूट द्वार का शिलान्यास हांसी से बीजेपी विधायक विनोद भयाणा ने किया। इसके साथ ही वीर योद्धा राव तुला राम के सम्मान में भव्य राव तुला राम चौक भी बनाया जा रहा है, जहां उनकी विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी। दावा किया जा रहा है कि यह हरियाणा की सबसे ऊंची प्रतिमाओं में शामिल होगी। यह चौक हांसी की सुंदरता और पहचान को नई मजबूती देने के साथ युवाओं को वीरता, बलिदान और देशभक्ति की प्रेरणा देगा।

ऐतिहासिक और भव्य प्रवेश द्वारों में से एक

बताया जा रहा है कि अरूट द्वार हरियाणा के सबसे ऐतिहासिक और भव्य प्रवेश द्वारों में से एक होगा। इसका निर्माण शहर की सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान को दर्शाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। दिल्ली नेशनल हाईवे से हांसी में प्रवेश करने वाले लोगों को यह द्वार शहर के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध विरासत का संदेश देगा। विधायक विनोद भयाणा ने कहा कि यह केवल समाज विशेष के लिए नहीं, बल्कि पूरे हांसी की ऐतिहासिक पहचान को मजबूत करने वाला प्रोजेक्ट है।

सूर्यवंशी क्षत्रिय राजा अरूट ने सिंधु नदी के किनारे एक किले का निर्माण

जानकारी के अनुसार, त्रेता युग में भगवान परशुराम से अभयदान प्राप्त करने के बाद सूर्यवंशी क्षत्रिय राजा अरूट ने सिंधु नदी के किनारे एक किले का निर्माण कराया था, जिसे अरूट कोट कहा गया। समय के साथ इसका नाम बदलकर अरोड़ कोट हो गया और आगे चलकर महाराजा अरूट के वंशज अरोड़ा कहलाए।

90 लाख रुपये की लागत से तैयार

विधायक विनोद भयाणा ने बताया कि महाराजा अरूट के सम्मान में बनने वाला यह द्वार करीब 90 लाख रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह द्वार अरोड़ा खत्री समाज की आस्था और इतिहास का प्रतीक बनने के साथ हांसी की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित करेगा। आकर्षक डिजाइन वाला यह भव्य अरूट द्वार शहर की एंट्री को नई पहचान देगा।

विधायक ने कहा कि 36 बिरादरी को साथ लेकर चलने वाले महापुरुष किसी एक समाज तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनते हैं। महाराजा अरूट का इतिहास और योगदान सभी समाजों के लिए सम्मान और गौरव का विषय है।