हिसार। हरियाणा के हिसार स्थित सेक्टर-13 में एक व्यक्ति ने घरेलू झगड़े के दौरान अपनी पत्नी की नृशंस हत्या कर दी। आरोपी पति ने पहले पत्नी की छाती पर प्रेस से वार किया और फिर गला दबाकर उसे मार डाला। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। मृतका सोनिया एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका थी और उसकी 6 साल की एक बेटी है।

दहेज को लेकर कर रहे थे प्रताड़ित
घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका के भाई ने फोन न उठाने पर घर जाकर देखा। मृतका के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष उसे लंबे समय से दहेज और प्रॉपर्टी विवाद को लेकर प्रताड़ित कर रहा था। परिजनों ने यह भी बताया कि आरोपी पति निठल्ला था और पहले भी सोनिया की जान लेने की कोशिश कर चुका था।

पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पति, जेठ, जेठानी और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
