कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र की प्रेम नगर कॉलोनी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों द्वारा सामूहिक आत्महत्या करने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। रेलवे मेल सर्विस में कार्यरत 30 वर्षीय जतिंद्र कुमार ने अपनी 28 वर्षीय पत्नी मंजू और 3 साल की मासूम बेटी अद्विका के साथ घर के भीतर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

सोमवार सुबह जब पुलिस मौके पर पहुंची तो तीनों के शव फंदे से लटकते मिले जिन्हें नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि 3 साल की मासूम बेटी अद्विका पैरालाइज थी और उसकी बीमारी से उपजे मानसिक तनाव के कारण इस हंसते-खेलते परिवार ने इतना खौफनाक कदम उठा लिया।

थार गाड़ी में राजस्थान घूमकर लौटा था परिवार

बेहद दुखद पहलू यह है कि जिस दिन अद्विका का जन्मदिन था उसी दिन उसे मौत की नींद सुला दिया गया और परिजनों ने बताया कि परिवार कुछ दिन पहले ही नई थार गाड़ी लेकर राजस्थान से छुट्टियां बिताकर लौटा था।

सुसाइड नोट लिखकर खत्म किया संसार

जतिंद्र ने मरने से पहले अपने जीजा के नाम एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है जिसमें इस आत्मघाती कदम के पीछे के दर्द को बयां किया गया है।

पिता पंजाब पुलिस के रिटायर्ड एएसआई

जतिंद्र के पिता पंजाब पुलिस के रिटायर्ड एएसआई थे जिनका छह महीने पहले निधन हो गया था और अब घर में केवल उनकी वृद्ध मां ही शेष बची हैं। सोमवार देर शाम सेक्टर-5 के श्मशान घाट में मां और बेटी का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया जबकि पिता को दूसरी चिता पर मुखाग्नि दी गई।