पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा से लापता 12वीं कक्षा के छात्र हिमांशु सिंघला का शव छह दिनों की सघन तलाश के बाद दिल्ली के नरेला स्थित एक नहर से बरामद कर लिया गया है।

दिल्ली की नरेला पुलिस ने सोमवार को इस बरामदगी की सूचना समालखा थाना पुलिस को दी जिसके बाद परिजनों ने बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
15 अप्रैल को नामुंडा नहर के किनारे हिमांशु की चाबी लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी के साथ एक लाइसेंसी रिवॉल्वर और 12वीं की किताबें मिलने के बाद से ही पुलिस की कई टीमें और गोताखोर इस गुत्थी को सुलझाने के लिए खुबड़ू झरने तक तलाशी अभियान चला रहे थे।
नहर किनारे मिली थी चाबी लगी स्कूटी और चली हुई रिवॉल्वर
घटनास्थल पर छात्र की स्कूटी के पास मिली रिवॉल्वर से दो कारतूस चले हुए पाए गए थे जबकि उसके बैग से चार जिंदा कारतूस, चश्मे की डिब्बी और चॉकलेट के रैपर बरामद हुए थे जिसने इस मामले को बेहद संदिग्ध बना दिया था।
पुलिस ने जांच की शुरू
राहगीरों द्वारा सूचना मिलने के बाद सीआईए और समालखा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी और पिता अनिल के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा
फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है लेकिन रिवॉल्वर से चली गोलियों और छात्र की नहर में डूबने की कड़ियों को जोड़ने के लिए गहन तफ्तीश जारी है।

