० भीड़ प्रबंधन होगा आसान, सुरक्षित और सुगम होगी बाबा मंदिर में दर्शन-पूजन की व्यवस्था

देवघर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले से पहले बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। जिला प्रशासन ने रविवार शाम बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर में नवनिर्मित फुट ओवरब्रिज का उद्घाटन किया। नई व्यवस्था के शुरू होने से मेले के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित हो सकेगी।


आवाजाही होगी बेहतर
उद्घाटन के अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान विशेषकर रविवार और सोमवार को मंदिर परिसर में भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में नया फुट ओवरब्रिज श्रद्धालुओं की आवाजाही को बेहतर ढंग से नियंत्रित करने और भीड़ का दबाव कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने बताया कि नया फुट ओवरब्रिज पुराने पुल के समानांतर संचालित किया जाएगा। दोनों पुलों के उपयोग से श्रद्धालुओं के आवागमन और जलार्पण की व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित होगी।

\
श्रद्धालुओं को मिलेगी अधिक सुविधा
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पियूष सिन्हा, एसडीओ सह मंदिर प्रभारी रवि कुमार, पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष डॉ. सुरेश भारद्वाज, महामंत्री-उपाध्यक्ष निर्मल झा ‘मंटू’, मंत्री सहित पुरोहित समाज के प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने विश्वास जताया कि नई व्यवस्था से इस बार श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को पहले से अधिक सुविधा, बेहतर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षित दर्शन-पूजन का अनुभव मिलेगा।