० 17 जुलाई से स्पेशल ट्रेन के रूप में होगी शुरुआत, बाद में सप्ताह में तीन दिन छेहरटा-वाराणसी के बीच चलेगी नई एक्सप्रेस

चंडीगढ़। धार्मिक नगरी वाराणसी जाने वाले रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 17 जुलाई को नई संत रविदास एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 04686) को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस नई ट्रेन के शुरू होने से पंजाब, हरियाणा और उत्तर भारत के हजारों श्रद्धालुओं को वाराणसी की यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उद्घाटन के दिन यह ट्रेन जालंधर कैंट से वाराणसी के बीच स्पेशल ट्रेन के रूप में संचालित होगी। शाम 7 बजे यह ट्रेन पहली बार अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचेगी, जहां इसके स्वागत के लिए भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। स्टेशन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मौजूद रहने की संभावना है।

सप्ताह में तीन दिन चलेगी नियमित ट्रेन

रेलवे ने बताया कि शुरुआती संचालन के बाद इस ट्रेन को नियमित रूप से चलाया जाएगा। इसके बाद यह 14624/14625 संत रविदास एक्सप्रेस के रूप में बुधवार, शुक्रवार और रविवार को सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। साथ ही ट्रेन का विस्तार पंजाब के छेहरटा स्टेशन तक किया जाएगा, जिससे यह छेहरटा-वाराणसी के बीच नियमित सेवा देगी।

श्रद्धालुओं और व्यापारियों को होगा लाभ

नई ट्रेन सेवा शुरू होने से वाराणसी जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधा और सुविधाजनक रेल संपर्क मिलेगा। वहीं, व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। ट्रेन की शुरुआत को लेकर यात्रियों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।