अजय सैनी, भिवानी। प्रधानमंत्री के ईंधन बचत अभियान से प्रेरित होकर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन शर्मा ने एक सराहनीय पहल की। उन्होंने निजी वाहन का उपयोग छोड़ पैदल ही बोर्ड परिसर पहुंचकर अधिकारियों और कर्मचारियों को भी पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश दिया।

गुरुवार को बोर्ड चेयरमैन के साथ कई अधिकारी और कर्मचारी भी अपने वाहनों को दूर खड़ा कर पदयात्रा करते हुए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर पहुंचे। इस पहल को लेकर कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में डीजल, पेट्रोल और गैस की बढ़ती किल्लत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण कई चुनौतियां सामने आ रही हैं। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक को ईंधन बचत के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने सप्ताह में दो दिन ऐसे निर्धारित किए हैं, जिन दिनों बोर्ड परिसर में निजी वाहनों का प्रयोग नहीं किया जाएगा। इस कदम का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल करना है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर देशहित में बड़ा योगदान दिया जा सकता है। यदि लोग कम दूरी के लिए पैदल चलना या साइकिल का उपयोग करना शुरू करें तो इससे ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण भी कम होगा और स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।
उन्होंने बोर्ड परिसर में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का उपयोग न करें और अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन या पैदल चलने की आदत अपनाएं।
बोर्ड कर्मचारियों और अधिकारियों ने भी इस पहल को सकारात्मक कदम बताते हुए इसका समर्थन किया और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

