महेंद्रगढ़। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां के कनीना इलाके के तहत आने वाले गांव चेलावास में बुधवार रात एक विवाहिता की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि इस गांव में पिछले 10 दिनों के भीतर किसी महिला की हत्या का यह दूसरा मामला है। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों के बीच भारी दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।

शराबी देवर ने भाभी पर किया हमला, दो साल का बच्चा सिर से उठा मां का साया

पुलिस और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार चेलावास गांव के रहने वाले अमित नाम के युवक पर अपने सगे बड़े भाई मनोज की पत्नी अंजलि की हत्या करने का आरोप लगा है। आरोपी अमित ने बुधवार की रात करीब आठ बजे घर में हुए झगड़े के बाद अंजलि पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने की वजह से अंजलि ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक महिला मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी। इस खौफनाक वारदात के बाद अंजलि का करीब दो साल का मासूम बेटा अनाथ हो गया है। बताया जा रहा है कि जब यह खूनी खेल खेला गया, उस वक्त परिवार के अन्य सदस्य भी घर के आसपास ही मौजूद थे।

लंबे समय से चल रहा था पैसों का लेनदेन, आरोपी आदतन शराबी

स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों भाइयों अमित और मनोज के बीच पिछले काफी समय से पैसों के लेनदेन को लेकर घरेलू विवाद चल रहा था। बुधवार शाम को भी इसी बात को लेकर घर में तीखी कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी अमित ने आपा खो दिया और हिंसक हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी अमित बेहद शराबी किस्म का व्यक्ति है और अक्सर घर में विवाद करता रहता था। दोनों भाई गांव में ही खेती-किसानी का काम करते हैं और इनका परिवार पहले भी कई तरह के आपसी झगड़ों के कारण चर्चा में रहा है।

कनीना अस्पताल में रखवाया गया शव, जांच में जुटी पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही कनीना थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए कनीना के उप नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस की क्राइम टीमें मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी हैं।

4 जून को जमीन के चक्कर में हुई थी ओमपती की हत्या

चेलावास गांव में अपराध का यह ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। इससे पहले ठीक 4 जून की रात को भी इसी गांव में 55 साल की बुजुर्ग महिला ओमपती की जमीन के टुकड़े के लिए मर्डर कर दिया गया था। उस मामले में पुलिस की तत्परता से 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। लेकिन उस खौफनाक वारदात के ठीक एक हफ्ते बाद दोबारा महिला की हत्या होने से पुलिस गश्त और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

थाना प्रभारी बोले-लिखित शिकायत का इंतजार, जल्द होगी आरोपी की गिरफ्तारी

कनीना शहर थाना प्रभारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि अंजलि हत्याकांड को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। हालांकि अभी तक मृतका के मायके पक्ष या पति की तरफ से कोई औपचारिक लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस अपनी तरफ से मामले के हर कानूनी और पारिवारिक पहलू की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद और परिजनों के बयानों के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और फरार आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।