कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी के महज 15 दिन बाद नवविवाहिता पूजा साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने उन्हें उज्जैन में मौत के घाट उतार दिया। मौत के पहले का वीडियो सामने आया है, जिसमें पूजा तड़प रही थीं, लेकिन ससुराल वाले इलाज की बजाय रुपये मांगते रहे। घटना के 25 दिन बाद भी कोई कार्रवाई न होने से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कटंगी-पाटन मार्ग पर चक्काजाम कर धरना दिया।

6 फरवरी को हुई थी पूजा की शादी 

6 फरवरी 2026 को जबलपुर के लार्डगंज इलाके निवासी निखिल साहू से कैमोरी निवासी पूजा साहू की शादी हुई थी। शादी में परिजनों ने चार लाख रुपये और जेवरात दहेज दिए। 20 फरवरी को पूजा अपने पति, सास, ससुर और ननद के साथ उज्जैन दर्शन के लिए गईं। 21 फरवरी को उज्जैन में उनकी संदिग्ध मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि किसी अस्पताल में इलाज कराने की बजाय ससुराल पक्ष ने बीमार पूजा का वीडियो मायके वालों को भेजा और रुपये की मांग की।

मौत के 25 दिन बीत जाने पर भी दोषियों पर कोई कार्रवाई न होने से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण बीच सड़क पर टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए। कटंगी-पाटन मार्ग पर चक्काजाम किया गया। साहू समाज ने भी एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और जांच की मांग की। परिजनों का आरोप है कि दहेज न मिलने पर ससुराल पक्ष ने योजनाबद्ध तरीके से पूजा साहू की हत्या की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m