पीयूष जायसवाल, नागदा। रेलवे स्टेशन के सामने स्थित रतन श्री पैलेस होटल के एक कमरे में अहमदाबाद निवासी 62 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान विपिन पटेल निवासी अहमदाबाद के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार विपिन पटेल होटल के कमरा नंबर 102 में ठहरे हुए थे। शनिवार को उनका शव कमरे में मिला, जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में कमरे की स्थिति को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने मौत का संभावित कारण हार्ट अटैक बताया है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मौके से मृतक के सामान में एक दवा की शीशी भी बरामद हुई है, जिसका उपयोग सामान्यतः फसलों में कीटनाशक के रूप में किया जाता है। हालांकि जांच में यह सामने आया है कि उक्त शीशी में दवा का उपयोग किया जाना प्रतीत नहीं हुआ है।
मृतक के बेटे स्नेहल पटेल ने पुलिस को बताया कि उनके पिता 29 मार्च को अहमदाबाद से काम के सिलसिले में इंदौर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। घर वापस नहीं लौटने पर 1 अप्रैल को उन्होंने चंदन नगर थाने में उनकी गुमशुदगी की मौखिक सूचना दी थी।
घटना स्थल की जांच करने पहुंची एफएसएल टीम को फिलहाल कोई संदिग्ध परिस्थिति नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

