अनुगुल: ओडिशा के अंगुल जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. पाललहड़ा इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग 149 पर एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक पर सवार एक युवक जिंदा जल गया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है. टक्कर इतना जबरदस्त था के बाइक सड़क पर करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई, जिसके बजह से गाड़ी में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जल उठी और दीपक की मौके पर ही जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई.

रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह समल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत समकोइ पुल (बुरुकुना छक) के पास हुआ. मृतक की पहचान अनुगुल जिले के तुरंग इलाके के रहने वाले दीपक प्रधान के रूप में हुई है. वहीं, घायल युवक का नाम रंजन बताया जा रहा है. दीपक और रंजन अपनी मोटरसाइकिल से पित्री की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
सुबह करीब 6 बजे जब स्थानीय लोगों ने सड़क पर हादसा देखा, तो तुरंत स्थानीय प्रशासन और पुलिस को इसकी सूचना दी. घायल रंजन को तुरंत रेस्क्यू कर पहले खमार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया. हालांकि, उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए अनुगुल जिला मुख्यालय अस्पताल (DHH) रेफर कर दिया है. घटना की जानकारी मिलते ही समल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने इस हिट-एंड-रन मामले में केस दर्ज कर लिया है और दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात वाहन व उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है.

