रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवती से रेप करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित एक प्लांट में सुपरवाइजर था। उसने युवती को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश किया था। फिर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देकर अश्लील वीडियो भी बना लिया था। आरोपी युवक, युवती और उसके परिवार को वीडियो भेजकर युवती को बदनाम भी करने लगा था। युवती की शिकायत पर पूंजीपथरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय युवती ने थाना कांसाबेल जिला जशपुर में मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। युवती ने शिकायत में बताया था कि वह पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान सिंगल गेट प्लांट बंजारी में सुपरवाइजर का काम करने वाले पंकज यादव से हुई थी। वह कभी-कभी उसके कमरे में घूमने आना जाना करता था।

20 मार्च 2025 की शाम आरोपी एक परिचित महिला के साथ उसके कमरे में आया और चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। चाय पीने से वह बेहोश गई। उसकी बेहोशी का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद अप्रैल 2025 को आरोपी फिर से उसके कमरे में आया और शारीरिक संबंध बनाने के लिए धमकी देकर दबाव बनाने लगा, जिससे भयभीत होकर युवती अपने गांव चली गई।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि एक माह पूर्व से आरोपी द्वारा उसके मोबाइल से उसका आपत्तिजनक वीडियो निकालकर उसे और उसके परिवारजनों को मोबाइल नंबरों पर भेजा जा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से अत्यंत परेशान थी। उसने इसकी शिकायत जशपुर जिले के कांसाबेल थाने में दर्ज करवाई थी। कांसाबेल थाने में दुष्कर्म का अपराध कायम कर घटनास्थल रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में होने पर वहां डायरी भेजी गई।

पूंजीपथरा थाने में भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपी पंकज गोपाल उर्फ पंकज यादव निवासी पिता स्व. गंझू राम गोपाल उम्र 32 वर्ष निवासी सेंदरीबहार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के मोबाइल की जांच करने पर पीड़िता का आपत्तिजनक वीडियो पाया गया, जिसके आधार पर प्रकरण में आईटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई है। आरोपी का मोबाइल जब्त कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।