प्रदीप मालवीय, उज्जैन। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी यास्तिका भाटिया बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुईं। उन्होंने नंदी हाल में बैठकर भगवान महाकालेश्वर की दिव्य भस्म आरती के दर्शन किए। दर्शन के यास्तिका ने कहा कि साक्षात भगवान के दर्शन जैसा अनुभव हुआ। वहीं मध्य प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास सारंग ने शनिवार देर रात महाकाल मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की।
विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दरबार में रविवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी यास्तिका ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। यास्तिका ने अपने परिवार के साथ बाबा महाकाल की विशेष प्रातः कालीन भस्म आरती में सहभागिता की और भगवान का आशीर्वाद लिया। आरती के बाद मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप प्रशासक ने स्मृति चिह्न और प्रसाद भेंट कर यास्तिका का आत्मीय स्वागत एवं सत्कार किया।
ये भी पढ़ें: 12 अप्रैल महाकाल आरती: भांग-चंदन और आभूषणों से दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए भगवान महाकालेश्वर के दर्शन

इस दौरान यास्तिका भक्ति के रंग में डूबी नजर आई। वहीं मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि भस्म आरती के दौरान जब डमरू बजते हैं और लाइट बंद होती है, तो वह पल अद्भुत होता है। ऐसा प्रतीत होता है मानो साक्षात भगवान हमारे सामने विराजित है। यह एक अलग ही दिव्य अनुभूति है।
एमपी के खेल मंत्री विश्वास सारंग ने भी किए दर्शन
वहीं मध्यप्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण विभाग मंत्री विश्वास सारंग उज्जैन पहुंचकर ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किए। शनिवार देर रात मंत्री विश्वास सारंग बाबा महाकाल की भक्ति में लीन दिखाई दिए। मंत्री ने नंदी हाल में बैठकर बाबा महाकाल के दर्शन किए और नंदी के कानों में अपनी मनोकामना कही। दर्शन के बाद मंत्री विश्वास सारंग का श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने स्वागत-सम्मान किया।


