देवघर। देवघर में सावन के दूसरे सोमवार पर आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा बाबाधाम गेरुआ रंग में रंग गया। चारों दिशाएं ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठीं। बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। अनुमान के मुताबिक करीब चार लाख कांवरियों के देवघर पहुंचने का दृश्य दिखाई दे रहा है।

टूट सकता है पिछले वर्षों का रिकॉर्ड

दूसरे सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने के संकेत दिए हैं। वर्ष 2025 में सावन के दूसरे सोमवार को करीब 3.62 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया था, जबकि 2024 में यह आंकड़ा 2.71 लाख था।

इस बार भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने होल्डिंग प्वाइंट और रूटलाइन पर विशेष इंतजाम किए हैं। बीएड कॉलेज परिसर, शिवराम झा चौक, नेहरू पार्क और क्यू कॉम्प्लेक्स समेत कई स्थानों से कांवरियों की कतार को नियंत्रित किया जा रहा है।

15 किलोमीटर तक पहुंची कांवरियों की कतार

श्रद्धालुओं की भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बाबा मंदिर से करीब 15 किलोमीटर दूर तक कतार पहुंच गई है। रूटलाइन का टेल प्वाइंट कुमैठा तक पहुंच गया है। रविवार रात से ही कांवरियों के कतार में लगने का सिलसिला तेज हो गया था।

ब्रह्म मुहूर्त में खुले बाबा बैद्यनाथ के कपाट

बाबा बैद्यनाथ मंदिर के कपाट सुबह करीब 3:04 बजे खोले गए। ब्रह्म मुहूर्त में परंपरा के अनुसार सबसे पहले काचाजल अर्पित किया गया। इसके बाद तांत्रिक विधि से प्रात:कालीन पूजा संपन्न हुई। पूजा के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला।

जैसे ही गर्भगृह से ‘हर हर महादेव’, ‘बाबा बैद्यनाथ की जय’ और ‘मैया पार्वती की जय’ के जयघोष की आवाज गूंजी, कतार में खड़े हजारों कांवरियों में उत्साह भर गया। इसके बाद जलार्पण का सिलसिला शुरू हुआ।

रातभर कतार में खड़े रहे श्रद्धालु

बिहार के सहरसा से आए दिगंबर चौधरी ने बताया कि वे रात करीब 11 बजे कतार में लगने के लिए निकले थे। चिल्ड्रेन पार्क के पास करीब चार किलोमीटर दूर से लाइन में लगे। सुबह करीब तीन बजे कतार आगे बढ़ी और लगभग पांच बजे उन्होंने बाबा बैद्यनाथ पर जल चढ़ाया।

उन्होंने व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा कि भीड़ के बावजूद पुलिस और प्रशासन लगातार संयम के साथ श्रद्धालुओं को नियंत्रित कर रहा है।

सात प्वाइंट पर बढ़ाई गई सुरक्षा

भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर के मुख्य द्वार, शिवगंगा, शिवराम झा चौक, क्यू कॉम्प्लेक्स समेत सात प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। डीसी और एसपी ने मेला ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को धैर्य के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम जलार्पण कराने के निर्देश दिए हैं।

दूसरे सोमवार के साथ सोम प्रदोष का संयोग भी होने से श्रद्धालुओं में खास उत्साह है। बाबाधाम में देर रात तक जलार्पण का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।