आउटर और नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के साथ हरियाणा सीमा से सटे इलाकों में रहने वाले लाखों दैनिक यात्रियों के लिए आने वाले समय में सफर आसान और आधुनिक होने की उम्मीद है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने फेज-4 के बहुप्रतीक्षित रिठाला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण को गति देने की दिशा में एक और कदम उठाया है। इसके तहत DMRC ने कॉरिडोर के लिए दूसरा टेंडर जारी कर दिया है। रिठाला-कुंडली कॉरिडोर फेज-4 की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इसके शुरू होने से दिल्ली के बाहरी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को हरियाणा के कुंडली क्षेत्र से बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
हरियाणा सीमा तक बेहतर होगी कनेक्टिविटी
इस कॉरिडोर से दिल्ली के रिठाला और आसपास के इलाकों से लेकर हरियाणा सीमा से सटे क्षेत्रों में रहने वाले यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का बेहतर विकल्प मिलेगा। वर्तमान में सड़क मार्ग पर निर्भर यात्रियों के लिए मेट्रो कनेक्टिविटी बढ़ने से रोजाना के आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। DMRC की ओर से दूसरा टेंडर जारी किए जाने के बाद परियोजना के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया तेज होगी। कॉरिडोर के निर्माण से जुड़े विभिन्न पैकेजों के लिए चरणबद्ध तरीके से टेंडर जारी किए जा रहे हैं।
एक के ऊपर एक दिखेंगे सड़क, फ्लाईओवर और मेट्रो
इस टेंडर के तहत रिठाला से बवाना इंडस्ट्रियल एरिया सेक्टर-1/2 के बीच एलिवेटेड मेट्रो लाइन का निर्माण किया जाएगा। परियोजना में दिल्ली का चौथा डबल डेकर कॉरिडोर भी शामिल होगा, जो इस रूट की खासियत बनेगा। डबल डेकर कॉरिडोर में नीचे सड़क होगी, उसके ऊपर वाहनों के लिए एलिवेटेड फ्लाईओवर और सबसे ऊपरी डेक पर मेट्रो ट्रेन दौड़ेगी। यानी एक ही कॉरिडोर में सड़क परिवहन और मेट्रो के लिए अलग-अलग स्तर तैयार किए जाएंगे। यह डबल डेकर कॉरिडोर रोहिणी सेक्टर-34 से बवाना इंडस्ट्रियल एरिया सेक्टर-1/2 के बीच NH-344P के ऊपर बनाया जाएगा। इसकी कुल लंबाई करीब 1.300 किलोमीटर होगी।
ये 10 नए स्टेशन होंगे
रिठाला-कुंडली कॉरिडोर के इस हिस्से में यात्रियों को 10 नए मेट्रो स्टेशन मिलने की उम्मीद है। प्रस्तावित स्टेशनों की सूची रोहिणी सेक्टर-25, रोहिणी सेक्टर-26, रोहिणी सेक्टर-31, रोहिणी सेक्टर-28, रोहिणी सेक्टर-29/30, रोहिणी सेक्टर-35, बरवाला, रोहिणी सेक्टर-34, बवाना औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-3/4, बवाना औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-1/2, इन स्टेशनों के बनने से रोहिणी और बवाना के कई रिहायशी और औद्योगिक इलाकों को मेट्रो नेटवर्क से सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
निर्माण कार्य को मिलेगी गति
DMRC की ओर से दूसरा टेंडर जारी होने के बाद कॉरिडोर के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। फेज-4 के तहत तैयार हो रहे इस कॉरिडोर से आउटर और नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के कई इलाकों को बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, हरियाणा सीमा से सटे क्षेत्रों के यात्रियों के लिए भी यह कॉरिडोर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके शुरू होने के बाद दिल्ली और आसपास के इलाकों के बीच सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
दिल्ली में 3 अन्य डबल डेकर कॉरिडोर की स्थिति
मजलिस पार्क-मौजपुर: इस डबल डेकर कॉरिडोर का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। फिलहाल रैंप का काम बाकी है, जिसे इस साल के अंत तक पूरा किए जाने की उम्मीद है।
संगम विहार-खानपुर (गोल्डन/सिल्वर लाइन): महरौली-बदरपुर रोड पर डबल डेकर कॉरिडोर का निर्माण तेजी से जारी है।
आनंद विहार-डेरावल नगर/जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम: इस कॉरिडोर पर भी निर्माण कार्य जारी है।
यह परियोजना मौजूदा रेड लाइन का विस्तार है, जो फिलहाल शहीद स्थल न्यू बस अड्डा, गाजियाबाद से रिठाला तक संचालित होती है। रिठाला-कुंडली कॉरिडोर के तैयार होने के बाद रेड लाइन का नेटवर्क हरियाणा के कुंडली तक पहुंच जाएगा।
26.46 किलोमीटर लंबा होगा विस्तार
रिठाला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर की लंबाई करीब 26.46 किलोमीटर होगी। पूरे रूट पर कुल 21 स्टेशन बनाए जाएंगे। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 6,230 करोड़ रुपये है। परियोजना को वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तैयार होने के बाद गाजियाबाद से दिल्ली होते हुए कुंडली तक यात्रियों को सीधी और सुगम मेट्रो कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
रिठाला से बवाना के बीच बनेगी एलिवेटेड लाइन
दूसरे टेंडर के तहत रिठाला से बवाना इंडस्ट्रियल एरिया सेक्टर-1/2 के बीच एलिवेटेड मेट्रो लाइन का निर्माण किया जाएगा। इस हिस्से में दिल्ली का चौथा डबल डेकर कॉरिडोर भी बनेगा। डबल डेकर कॉरिडोर में सबसे नीचे सड़क, उसके ऊपर वाहनों के लिए एलिवेटेड फ्लाईओवर और सबसे ऊपरी डेक पर मेट्रो ट्रेन चलेगी। यह करीब 1.300 किलोमीटर लंबा हिस्सा रोहिणी सेक्टर-34 से बवाना इंडस्ट्रियल एरिया सेक्टर-1/2 के बीच NH-344P के ऊपर बनाया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


