अजयारविंद नामदेव, शहडोल। भीषण गर्मी के बीच धनपुरी नगरपालिका का एक फैसला वार्डवासियों के लिए भारी परेशानी का कारण बन गया, नगरपालिका द्वारा नल कर बकाया होने पर वार्ड क्रमांक 22 के सैकड़ों घरों के पानी कनेक्शन काट दिए गए, जिसके बाद पूरे इलाके में पानी के लिए हाहाकार मच गया। हालात ऐसे बन गए कि लोगों को पानी के लिए टैंकरों का सहारा लेना पड़ा और पानी भरने के दौरान झूमाझपटी तक की नौबत आ गई।
जानकारी के अनुसार नगरपालिका धनपुरी द्वारा वार्ड नंबर 22 में पाइप लाइन विस्तारीकरण का कार्य कराया गया था। नई पाइप लाइन डालने के दौरान पुरानी पाइप लाइन के कनेक्शन एक साथ काट दिए गए। बताया जा रहा है कि जिन उपभोक्ताओं पर नल कर बकाया था, उनके कनेक्शन भी बंद कर दिए गए। लेकिन इसका खामियाजा पूरे वार्ड के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। करीब 100 से अधिक परिवार पिछले कई दिनों से पानी संकट से जूझ रहे हैं।
भीषण गर्मी में पानी की किल्लत से परेशान लोग नगरपालिका के खिलाफ नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। वार्डवासियों का आरोप है कि बिना पूर्व सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था के पानी सप्लाई बंद कर देना नगरपालिका की लापरवाही और तुगलकी रवैया दर्शाता है। लोगों का कहना है कि छोटे-छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थिति तब और बिगड़ गई जब नगरपालिका द्वारा भेजे गए पानी के टैंकर से पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, पानी भरने को लेकर महिलाओं और लोगों के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझपटी देखने को मिली। फिलहाल वार्डवासी जल्द पानी सप्लाई बहाल करने की मांग कर रहे हैं, जबकि नगरपालिका का कहना है कि बकाया नल कर जमा होने के बाद ही नियमित जलापूर्ति शुरू की जाएगी।
वहीं इस मामले में धनपुरी नगरपालिका के सहायक राजस्व निरीक्षक ARI राम विशाल नापित ने जानकारी देते हुए बताया कि पुरानी पाइप लाइन चोक हो गई थी। नई पाइप लाइन विस्तारीकरण किया गया , जिससे पानी का संकट गहराया था, साथ ही वार्ड के बहुत से लोगों का नल कर बकाया था, जिससे भी पानी सप्लाई बंद हुई थी। टैंकर भेजकर पानी आपूर्ति कराई गई है, साथ ही फिर पुरानी पाइप लाइन चालू कर दी गई है।

