शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, लेकिन छात्रों और अभिभावकों के लिए एक बड़ा खतरा साइबर ठगों के रूप में सामने आया है। भोपाल साइबर क्राइम पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया, टेलीग्राम, व्हाट्सएप और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो रहे “लीक पेपर”, “फरवरी फर्जी पेपर” और “सॉल्यूशन” पूरी तरह फर्जी हैं। इनके झांसे में आकर छात्र पैसे गंवा रहे हैं और उनके मोबाइल हैक होने का खतरा भी बढ़ रहा है।
साइबर क्राइम पुलिस ने जनता से अपील की है:
- किसी भी अनजान लिंक, ग्रुप या व्यक्ति से मिले प्रश्न पत्र को असली न मानें।
- सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले पेपर या सॉल्यूशन फर्जी हो सकते हैं।
- केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट (mpbse.nic.in) से ही जानकारी लें और भरोसा करें।
- किसी भी संदिग्ध मैसेज, फर्जी पेपर या APK फाइल (जैसे pepar.apk) को तुरंत पुलिस या स्कूल प्रशासन को सूचित करें।
पुलिस के अनुसार, ठग टेलीग्राम पर “MP Board Exam Support”, “10-12वीं पेपर लीक” जैसे फर्जी ग्रुप बनाकर छात्रों को लालच देते हैं। वे 500 से 2000 रुपये लेकर फर्जी पेपर भेजते हैं या पुराने साल के पेपर फॉरवर्ड कर देते हैं। कई मामलों में लिंक क्लिक करने पर मोबाइल हैक हो जाता है और बैंक अकाउंट से पैसे उड़ा लिए जाते हैं। भोपाल साइबर क्राइम ब्रांच ने ऐसे कई गिरोहों के खिलाफ FIR भी दर्ज की है।


