शब्बीर अहमद, भोपाल। रिश्तों की बदलती तस्वीरों के बीच राजधानी भोपाल से सुकून देने वाली खबर सामने आई है। जहां एक विवाह चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां एक पिता ने अपने बेटे के जाने (मौत) के बाद अपनी बहू प्रियंका की शादी अपनी बेटी की तरह की। तमाम रीति रिवाज का पालन करते हुए कन्यादान किया गया।

कैंसर से हुई थी बेटे की मौत  

जानकारी के मुताबिक उज्जैन के जैथल गांव के रहने वाले दिनेश बैरागी ने अपने बेटे की मौत के बाद अपनी बहू प्रियंका को अकेला नहीं छोड़ा। उन्होंने उसे बहू नहीं, अपनी बेटी का दर्जा दिया। प्रियंका की शादी 2018 में कपिल नाम के युवक से हुई थी। लेकिन कुछ समय बाद ही कपिल को कैंसर हो गया था। कैंसर की लंबी लड़ाई लड़ने के बाद 2023 को उसकी मौत हो गई थी। 

ससुर ने बहू का पिता बनकर किया कन्यादान 

कपिल की मौत के बाद परिवार पूरी तरीके से टूट गया था। लेकिन कपिल के पिता दिनेश बैरागी ने यह तय किया कि उनकी बहू का जीवन यहीं नहीं रुकेगा। बेटे की मौत के कुछ समय के बाद उन्होंने फैसला लिया की बहू प्रियंका के लिए वो योग्य वर की तलाश करेंगे। आखिरकार विदिशा निवासी गोविंद से प्रियंका का रिश्ता तय हुआ। भोपाल में आयोजित विवाह समारोह में लगभग 350 मेहमानों की मौजूदगी में पूरे वैदिक रीति-रिवाज से शादी संपन्न हुई। इस दौरान दिनेश बैरागी ने स्वयं पिता बनकर प्रियंका का कन्यादान किया और शादी का पूरा खर्च भी उठाया। 

विवाह से समाज को दिया खास संदेश 

वहीं इस शादी से दिनेश बैरागी ने समाज को यह भी संदेश देने की कोशिश कि शादी के बाद अगर अचानक पति की मौत हो जाती है, तो उसके पीछे आई लड़की का जीवन यूं ही बर्बाद नहीं होना चाहिए। पुनर्विवाह करके उस लड़की को नया जीवन भी दिया जा सकता है। ताकि वो अपने जिंदगी में फिर से आगे बढ़ सके। साथ ही ऐसे मामलों में उन लड़कों की भी तारीफ करनी चाहिए, जो ऐसे लड़कियों का हाथ थामने समाज में आगे आते हैं।   

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m