संबलपुर। ओडिशा के संबलपुर जिले के जुजुमुरा ब्लॉक के अंतर्गत कुमेर गांव में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक जंगली हाथी के हमले में 38 वर्षीय युवक लब भोई (Lab Bhoi), की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव है और ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे की है। लब भोई गांव के पास एक तालाब पर शौच के लिए गए थे। इसी दौरान वहां छिपे एक जंगली हाथी ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। हाथी ने उन्हें अपनी सूंड से जकड़कर दूर तक घसीटा और फिर पैरों से कुचल दिया। हमला इतना भयानक था कि लब भोई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

इस दुखद घटना ने ग्रामीणों के सब्र का बांध तोड़ दिया। इलाके में लगातार हो रहे हाथियों के हमलों से नाराज ग्रामीणों ने शव को उठाने से रोक दिया और वन विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि जब तक वन विभाग लिखित में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का आश्वासन नहीं देता, तब तक वे शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं ले जाने देंगे।

ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने गांव के चारों ओर सोलर फेंसिंग (सौर बाड़) लगाई जाए और हाथियों को दूर रखने के लिए पूरे इलाके में सोलर लाइटें स्थापित की जाएं जैसे मांगें रखी हैं ताकि हाथियों को रिहायशी इलाकों में आने से रोका जा सके।

गांव वालों का कहना है कि वे इस बार केवल खोखले आश्वासनों से मानने वाले नहीं हैं, उन्हें डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (DFO) से ठोस और लिखित प्रतिबद्धता चाहिए। वन विभाग के आला अधिकारी फिलहाल ग्रामीणों को समझाने और स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास कर रहे हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H