बहादुरगढ़। मांडोठी क्षेत्र में सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। करीब 35 वर्षीय महिला का शव कपड़े में लिपटा हुआ मिला, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

72 घंटे तक पहचान का इंतजार

फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाल रही है और महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। नियमानुसार शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि परिजन या पहचान करने वाला कोई व्यक्ति सामने आ सके।

हत्या के एंगल से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि शव जिस स्थिति में मिला है, उसे देखते हुए मामला संदिग्ध लग रहा है। पहचान होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज, संदिग्ध गतिविधियों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस जल्द से जल्द मामले की गुत्थी सुलझाने का दावा कर रही है।